Saturday, October 8, 2011

हत्या और आत्महत्या हराम है इस्लाम में

आम तौर पर लोग आत्महत्या तब करते हैं जब वे किसी समस्या से परेशान हो जाते हैं और उन्हें लगता है कि उनके लिए अब मरने के सिवा कोई और रास्ता नहीं है उस समस्या से बचने का . लेकिन हक़ीक़त यह है कि ऐसे लोग भी आत्महत्या करते हैं जो कि अपने जीवन से संतुष्ट होते हैं . गोवा में ऐसा ही वाकया पेश आया . 
उन्होंने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि उनकी 'फिलॉसफी' यह है कि जीवन उनकी मिल्कियत है और उसे जब चाहें वे समाप्त कर सकते हैं.
इसमें कोई शक नहीं है कि यह एक बिलकुल ग़लत सोच है . 
जितने भी लोग आत्महत्या करते हैं उसके पीछे हमेशा ग़लत सोच मौजूद मिलेगी.
सही सोच यह है कि अपने आप को पैदा करने वाले हम ख़ुद नहीं हैं और न ही हम अपने तन मन धन के मालिक हैं . हमारा और हमारे पास जो कुछ है, उस सब का मालिक वास्तव में वह है जिसने हमें पैदा किया है.हम तो उसके बन्दे और ग़ुलाम हैं , हमें उसकी योजना को फ़ॉलो करना है और तब तक जीना है जब तक कि वह ख़ुद हमें मौत नहीं दे देता और केवल वही काम करने हैं , जिन्हें करने का हुक्म उसने हमें दिया है.
इस्लाम की शिक्षा यही है .
किसी की जान लेना या अपनी जान देना या किसी भी जान को नाहक़ तकलीफ़ देना इस्लाम में सख्त हराम है.
किसी और फिलोसफी में ऐसा नहीं है . इस्लाम की जानकारी और इस्लाम में आस्था लोगों को आत्महत्या से रोक सकती है और यही वजह है कि दुनिया में जितने भी लोग आत्महत्या करते हैं  उनमें सबसे कम संख्या मुसलमानों के होती है और उन मरने वाले मुसलामानों में भी देनदार मुसलमान एक भी नहीं होता. 
दीं की सही समझ न सिर्फ आत्महत्या से रोकती बल्कि वह हत्या से भी रोकती है. ह्त्या हो या आत्महत्या , आदमी करता ही तब है जबकि उसकी सोच गलत हो जाती है और गलती कभी धर्म नहीं होती. 
गलती से बचो , धर्म पर चलो ताकि उद्धार पाओ.
देखिये गोवा में हुए हादसे की तफ़्सील :    
suicide.jpg
पणजी।। अब तक आपने जिंदगी से निराश लोगों द्वारा की गई खुदकुशी के बारे में सुना होगा, लेकिन गोवा में एक कपल ने इसलिए आत्महत्या कर ली कि वह जिंदगी से संतुष्ट हो चुका था। इस कपल को जिंदगी ने वह सब कुछ दिया था, जो उसे चाहिए था।
गोवा के पणजी शहर के मर्सेस इलाके में एक यंग कपल आनंद (39) और दीपा रंथीदेवन (36) ने पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस को इस घटना के बारे में तब पता चला, जब पड़ोसियों ने पुलिस में इसकी शिकायत की। पुलिस का कहना है कि इनके पास से जो सूइसाइड नोट मिला है, उसमें किसी को भी इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है। 
एक पन्ने के सूइसाइड नोट में इस कपल ने लिखा है, 'हम दोनों ने एक साथ बहुत ही शानदार जीवन बिताया है। जीवन से हमें वे सारी खुशियां मिलीं, जिसकी लोग तम्मना रखते हैं। हमने पूरी दुनिया की यात्रा की और हम विश्व के कई शहरों में रहे। हमने इतना पैसा कमाया जितना कि हमने कभी सोचा भी नहीं था। हमने जिंदगी को खूब इंजॉय किया और हम अपने जीवन से संतुष्ट हो चुके हैं। हम इस फिलॉसफी में विश्वास रखते हैं कि हमारा जीवन सिर्फ हमारा है और इसे जीने या खत्म का अधिकार भी सिर्फ हमारा है।' 
इसमें आगे लिखा है कि कपल पर कोई देनदारी या लोन नहीं है। इसमें उनकी पूरी प्रॉपर्टी के बारे में जानकारी दी गई है। उन्होंने अपने अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपए भी छोड़ रखे हैं। सूइसाइड नोट में कपल ने लिखा है कि जो शख्स इस नोट को पाएगा वह हमारी अंतिम क्रिया करवा देगा। हमारी इच्छा है कि हमारा अंतिम संस्कार सरकारी श्मशान घाट पर किया जाए। पुलिस ने इस कपल के घर वालों और रिश्तेदारों को इस घटना की जानकारी दे दी है। 
पुलिस का मानना है कि कपल ने तीन दिन पहले आत्महत्या की होगी क्योंकि वह 3 अक्टूबर तक शहर के मशहूर फाइव स्टार रिजॉर्ट में रह रहे थे। वह वहां पर 2 महीने तक रहे।

Thursday, October 6, 2011

चुंबन पर रोक की मांग , इंसानी फितरत की आवाज़


इस्लाम की आवाज़ इंसानी फितरत से निकलती है . अब चाहे वह इंसान अरब का हो या हिंद का हो या फिर जर्मन का . अभी एक खबर पढ़ने में आई है ,

जर्मनी में ऑफिसों में चुंबन पर रोक की मांग

पश्चिमी देशों के समाज में एक दूसरे से मिलने पर चुंबन की प्रथा को तिरछी निगाहों से नहीं देखा जाता मगर जर्मनी में कामकाज की जगहों पर इसे रोकने की मांग उठी है। जर्मनी में शिष्टाचार और सामाजिक व्यवहार को लेकर सलाह देने वाले एक संगठन ने कामकाज की जगहों पर चुंबन पर प्रतिबंध लगाने के लिए कहा है।

द निगे सोसाइटी नाम के इस संगठन ने कहा कि अपने सहयोगियों और व्यापारिक साझीदारों से मिलने पर उनके गाल पर चुंबन देने की प्रथा कई जर्मन लोगों को असहज कर रही है।

इस संगठन के प्रमुख हांस माइकल क्लाइन का कहना है कि उन्हें इस बारे में कई लोगों से ई-मेल मिले हैं। वह कामकाज की जगहों पर लोगों को पारंपरिक तौर पर हाथ ही मिलाने की सलाह दे रहे हैं।

उन्होंने बीबीसी को बताया, 'वैसे हम लोगों को कामकाज की जगह पर चुंबन लेने पर प्रतिबंध तो नहीं लगा सकते। मगर हमें उन लोगों को भी बचाना है जो ये नहीं चाहते कि उनका चुंबन लिया जाए।'

क्लाइन इसलिए लोगों को सलाह दे रहे हैं कि अगर वे बुरा न मानें तो अपनी डेस्क पर इस बारे में कागज पर एक संदेश लिखकर रख दें।

कामोत्तेजक पहलू : उन्होंने बताया कि इस साल उन्हें इस बारे में 50 ई-मेल मिले हैं जिसमें बताया गया है कि कैसे ऑफिस में उनसे मिलने पर सहयोगी ने उनके एक या दोनों गालों पर चुंबन लिया।

क्लाइन के मुताबिक, 'लोगों का कहना है कि ये जर्मन तौर तरीकों में शामिल नहीं है। ये इटली, फ्रांस या दक्षिणी अमरीका जैसी जगहों से आया है और एक खास सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा है। लोग कहते हैं कि हमें ये पसंद नहीं है।'

संगठन ने इस बारे में एक बैठक की और सड़क पर तथा अपने सेमिनार में इस पर एक सर्वेक्षण भी कराया।

क्लाइन ने बताया, 'अधिकतर लोगों ने कहा कि उन्हें ये पसंद नहीं है। उन्हें लगता है कि इसका एक कामोत्तेजक पहलू है जिसमें एक तरह का शारीरिक संपर्क होता है और पुरुष इसके जरिए महिलाओं के नजदीक आ सकते हैं।'

उन्होंने बताया कि यूरोप में 60सेंटीमीटर का एक 'सामाजिक दूरी का क्षेत्र' है जिसका पालन होना चाहिए। निगे सोसाइटी जर्मन भाषा के एक शब्दांश पर आधारित नाम है जिसे अच्छे व्यवहार का गाइड कहा जाता है और ये पश्चिमी जर्मनी के डॉर्टमंड से 80 किलोमीटर दूर स्थित है।

खबरों के अनुसार ये संगठन पहले भी कुछ सलाह जारी कर चुका है जिसमें एक संबंध खत्म करने के लिए फोन पर टेक्स्ट संदेश भेजने के अलावा सर्दी में नाक बहने पर सार्वजनिक तौर पर उससे कैसे निबटें- ये भी शामिल था।
Source : http://blogkikhabren.blogspot.com/ 

Wednesday, October 5, 2011

वादा और अमानत



1. हे आस्तिको ! प्रतिज्ञाओं को पूरा करो। -कुरआन [5, 1]
2. …और अपनी प्रतिज्ञाओं का पालन करो, निःसंदेह प्रतिज्ञा के विषय में जवाब तलब किया जाएगा।  -कुरआन [17, 34]
3. …और अल्लाह से जो प्रतिज्ञा करो उसे पूरा करो। -कुरआन [6,153]
4. और तुम अल्लाह के वचन को पूरा करो जब आपस में वचन कर लो और सौगंध को पक्का करने के बाद न तोड़ो और तुम अल्लाह को गवाह भी बना चुके हो, निःसंदेह अल्लाह जानता है जो कुछ तुम करते हो। -कुरआन [16, 91]
5. निःसंदेह अल्लाह तुम्हें आदेश देता है कि अमानतें उनके हक़दारों को पहुंचा दो और जब लोगों में फ़ैसला करने लगो तो इंसाफ़ से फ़ैसला करो।  -कुरआन [4, 58]
6. और तुम लोग अल्लाह के वचन को थोड़े से माल के बदले मत बेच डालो (अर्थात लालच में पड़कर सत्य से विचलित न हुआ करो), निःसंदेह जो अल्लाह के यहां है वही तुम्हारे लिए बहुत अच्छा है यदि समझना चाहो। -कुरआन [16, 95]
महत्वपूर्ण आदेश आज्ञाकारी और पूर्ण समर्पित लोगों को ही दिए जाते हैं। जो लोग समर्पित नहीं होते वे किसी को अपना मार्गदर्शक भी नहीं मानते और न ही वे अपने घमंड में उनकी दिखाई राह पर चलते हैं। इसीलिए यहां जो आदेश दिए गए हैं, उनका संबोधन ईमान वालों से है।
समाज की शांति के लिए यह ज़रूरी है कि समाज के लोग आपस में किए गए वादों को पूरा करें और जिस पर जिस किसी का भी हक़ वाजिब है, वह उसे अदा कर दे।  अगर समाज केसदस्य लालच में पड़कर ऐसा न करें और यह चलन आम हो जाए तो जिस फ़ायदे के लिए वे ऐसा करेंगे उससे बड़ा नुक्सान समाज को वे पहुंचाएंगे और आखि़रकार कुछ समय बादखुद भी वे उसी का शिकार बनेंगे। परलोक की यातना का कष्ट भी उन्हें झेलना पड़ेगा, जिसके सामने सारी दुनिया का फ़ायदा भी थोड़ा ही मालूम होगा। वादे,वचन और संधि केबारे में परलोक में पूछताछ ज़रूर होगी। यह ध्यान में रहे तो इंसान के दिल से लालच और उसके अमल से अन्याय घटता चला जाता है।स्वर्ग में दाखि़ले की बुनियादी शर्त है सच्चाई। जिसमें सच्चाई  का गुण है तो वह अपने वादों का भी पाबंद ज़रूर होगा। जो अल्लाह से किए गए वादों को पूरा करेगा, वह लोगों से किए गए वायदों को भी पूरा करेगा। वादों और प्रतिज्ञाओं का संबंध ईमान और सच्चाई से है और जिन लोगों में ये गुण होंगे, वही लोग स्वर्ग में जाने के अधिकारी हैं और जिस समाज में ऐसे लोगों की अधिकता होगी, वह समाज दुनिया में भी स्वर्ग की शांति का आनंद पाएगा।
अमानत को लौटाना भी एक प्रकार से वायदे का ही पूरा करना है। यह जान और दुनिया का सामान जो कुछ भी है, कोई इंसान इसका मालिक नहीं है बल्कि इन सबका मालिक एक अल्लाह है और ये सभी चीज़ें इंसान के पास अमानत के तौर पर हैं। वह न अपनी जान दे सकता है और न ही किसी की जान अन्यायपूर्वक ले सकता है। दुनिया की चीज़ों को भी उसे वैसे ही बरतना होगा जैसे कि उसे हुक्म दिया गया है। दुनिया के सारे कष्टों और आतंकवाद को रोकने के लिए बस यही काफ़ी है।
अरबी में ‘अमानत‘ शब्द का अर्थ बहुत व्यापक अर्थों में प्रयोग किया जाता है।
ज़िम्मेदारियों को पूरा करना, नैतिक मूल्यों को निभाना, दूसरों के अधिकार उन्हें सौंपना और सलाह के मौक़ों पर सद्भावना सहित सलाह देना भी अमानत के दायरे में हीआता है। अमान��� के बारे में आखि़रत मे सवाल का ख़याल ही उसके सही इस्तेमाल गारंटी है। कुरआन यही ज्ञान देता है।
वास्तव में सिर्फ़ इस दुनिया का बनाने वाला ही बता सकता है कि इंसान के साथ उसकी मौत के बाद क्या मामला पेश आने वाला है ?
और वे कौन से काम हैं जो उसे मौत के बाद फ़ायदा देंगे ?
वही मालिक बता सकता है इंसान को दुनिया में कैसे रहना चाहिए ?
और मानव का धर्म वास्तव में क्या है ?
कुरआन उसी मालिक की वाणी है जो कि मार्ग दिखाने का वास्तविक अधिकारी है क्योंकि मार्ग, जीवन और सत्य, हर चीज़ को उसी ने बनाया है।

Wednesday, September 28, 2011

क़ुरआन को समझने के लिए ज़रूरी है कि उसकी आयतों को आगे पीछे की आयतों के साथ जोड कर पढ़ा जाए . In the context of Gadeer e khum

क़ुरआन अल्लाह का कलाम है और अल्लाह का वादा है कि इसकी हिफाज़त  हम करेंगे।
कौन है जो अल्लाह से बढ़कर सच्चा हो ?
कौन है जो अल्लाह से बढ कर ताकत रखता हो ?
क़ुरआन की हिफाजत करने वाला अल्लाह है, यही वजह है कि क़ुरआन में न तो कोई आयत कम हुई और न ही कोई आयत इसमें बढ़ाई जा सकी, इसकी ज़बान जिंदा ज़बान है, दुनिया भर में बोली और समझी जाती है। यही वजह है कि इसके अर्थ भी स्पष्ट हैं। इसी के साथ जिस शखिसयत पर यह कलाम नाज़िल हुआ, उसकी जिंदगी की तमाम ज़रूरी तफ्सीलात भी महफूज़  हैं। यही वजह है कि इसके अर्थ बदलने की कोशिशें भी आज तक कामयाब न हो सकीं। दुनिया की यह अकेली किताब है जिसे करोड़ों लोगों ने ज़बानी याद कर रखा है। इसे रोजाना पढ़ा जाता है और इसे पढ ने की इजाज त औरत-मर्द और ख़ास व आम हरेक को है। यहां तक कि जो लोग इस्लाम के अनुयायी नहीं हैं, वे भी इसे पढ  सकते हैं।
क़ुरआन का एक नाम कसौटी भी है। यह किताब सही-ग़लत में फ़र्क़  कर देती है। आप कोई भी बात लाएं और क़ुरआन पर पेश कर दें तो आप देखेंगे कि यह बिल्कुल साफ  बता देती है कि यह बात सही है या ग़लत। यहां तक कि बहुत सी बातें जो हदीस के नाम से मशहूर कर दी गईं या सही वाक ये में इज़ाफ़ा  करके उसका कुछ से कुछ बना दिया, उन्हें भी जब कुरआन पर पेश किया जाता है तो क़ुरआन हमारी बिल्कुल सही रहनुमाई करता है।
यह महफ़ूज किताब, जो कि एक कसौटी भी है, उन लोगों के इरादों को हमेशा ही नाकाम करती रही है जो कि लोगों को अल्लाह की हिदायत से हटाने की कोशिश करते रहे हैं। इसके लिए उन्होंने यह किया कि उन्होंने अपने मामलात को कुरआन पर पेश करने के बजाय क़ुरआन को ही अपने अक़ीदों पर पेश करना शुरू कर दिया। क़ुरआन की आयतों को आपसी रब्त से समझने के बजाय यहां-वहां से टुकड़े काट कर दूसरों को बताने लगे कि देखो जो बात हम मानते हैं, वह यहां से साबित होती है।
आज कुछ ग़ैर-मुस्लिम संगठन भी यही करते हैं कि युद्ध संबंधी आयतों को आगे पीछे से काट कर उठा लेते हैं ताकि उन पर ऐतराज़ किया जा सके .
सिर्फ़ ग़ैर-मुस्लिम ही नहीं बल्कि कुछ ऐसे लोग भी हैं, जिन्हें दुनिया मुसलमान के नाम से जानती है, वे भी यही करते हैं कि पूरी आयत को समझने के बजाय और उसे आस पास की आयतों से जोड़ कर देखने के बजाय, बीच में से एक टुकड़ा उठा लेते हैं क्योंकि ऐसा करने से उनके लिए उस वाक्य को अपने अर्थ पहनाना आसान हो जाता है। ऐसे लोग खुद भी गुमराह होते हैं और दूसरों को भी गुमराह करते हैं और गुमराह भी वही लोग होते हैं जो उनकी बात को कुरआन पर पेश नहीं करते।
क़ुरआन के दो मक़ामात  को इसी तरह से अपने अक़ीदे के मुताबिक  ढालने की कोशिश की गई और फिर पैग़म्बर सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के साथ हिजरत और जिहाद करने वाले बहुत से सहाबा रजि . के किरदार पर शक पैदा करने की कोशिश की, ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि यही वे लोग थे जिन्होंने कुरआन को संकलित किया था। 

इस्लाम की मुखालिफत करने वाला ग्रुप जब कुरआन में किसी भी तरह की तब्दीली करने से मायूस हो गया तो उसने यह तरीक़ा अख्तियर किया कि कुरआन में शक पैदा किया जाए और इसका तरीक़ा उन्हें यही समझ में आया कि जिन लोगों ने इसे संकलित किया, उनकी समझ और उनके अमल को दागदार और नाक़िस दिखाने की कोशिश की जाए और यह सब उन्होंने अक़ीदत  के चोले में किया। इसके नतीजे में बहुत से सादा दिल मुसलमान फंस गए और वे आज तक उन बातों को दोहराते रहते हैं जो कुरआन की नज़र से बातिल महज़  हैं।
वे दो आयतें तरतीबवार ये हैं -
# ( अलयौमा  अकमलतु लकुम दीनकुम व अतमम्तु अलैकुम नेअमती व रज़ीतु लकुमुल इस्लामा दीना ) सूरए माइदा आयत न.3
"आज मैंनें तुम्हारे दीन को पूर्ण कर दिया और तुम पर अपनी नेअमतों को भी तमाम किया और तुम्हारे लिए दीन इस्लाम को पसंद किया।” सूरह ए माइदा आयत नं..3

## ऐ रसूल! तुम्हारे रब की ओर से तुम पर जो कुछ उतारा गया है, उसे पहुँचा दो। यदि ऐसा न किया तो तुमने उसका सन्देश नहीं पहुँचाया। अल्लाह तुम्हें लोगों (की बुराइयों) से बचाएगा। निश्चय ही अल्लाह इनकार करनेवाले लोगों को मार्ग नहीं दिखाता .  सूरह ए माइदा आयत नं. 67

कहने वाले कहते हैं कि ये दोनों आयतें ग़दीर ए ख़ुम के मक़ाम पर नाज़िल हुईं और इन दोनों आयतों में पैग़म्बर हजरत मुहम्मद सल्ल. को अल्लाह यह हुक्म दे रहा है कि हज़रत अली की इमामत का ऐलान कर दीजिए। उनकी इमामत के ऐलान के साथ ही दीन मुकम्मल हुआ। 
इमामत से मुराद यह है कि इमाम भी अल्लाह की तरफ़ से ऐसे ही मामूर होता है जैसे कि नबी होता है और वह भी गुनाहों से ऐसे ही 'मासूम' होता है जैसे कि नबी होता है। नबी के बाद इत्तेबा सिर्फ़ उसी आदमी की करनी चाहिए, जिसे कि अल्लाह ने इमाम बनाया है। इमाम के अलावा किसी और की इत्तेबा करना जायज़ ही नहीं है।
हज़रत अली राज़ियाल्लाहु अन्हु के फ़ज़ाएल व मनाक़िब मुसल्लम हैं और वह अल्लाह के महबूबतरीन बन्दों में से हैं, इसमें कुछ शक नहीं है लेकिन इस तरह की बातें करना दीन में तहरीफ़ और ग़ुलू करना है .
हजरत अली रज़ि. की इमामत के लिए पहली दलील
"आज मैंनें तुम्हारे दीन को पूर्ण कर दिया और तुम पर अपनी नेअमतों को भी तमाम किया और तुम्हारे लिए दीन इस्लाम को पसंद किया।” सूरह ए माइदा आयत नं. 3


इन  दोनों में पहला तो केवल आयत का एक टुकड़ा है जो कि बीच से उठा लिया गया है और उसे अपनी तरफ  से अर्थ पहनाने की कोशिश की गई है। जब हम इस टुकड़े  को उसके मक़ाम से हटाए बिना पढ़ते  हैं तो पूरी आयत पढ़ते ही पता चल जाता है कि आयत के इस टुकड़े  का ताल्लुक  खाने-पीने में हलाल हराम चीज़ों वगैरह के अहकाम से है न कि किसी की इमामत के ऐलान से।
आगे पीछे की आयतें भी इसी विषय को बयान कर रही हैं यानि कि इस
मक़ाम पर कुरआन इतना स्पष्ट है कि किसी तरह की तावील से भी इस मक़ाम का ताल्लुक  इमामत के ऐलान से साबित नहीं किया जा सकता।
अलमाएदा की शुरू की पांच आयतें देखिए, इनमें ही एक टुकड़ा यह भी है।

ऐ ईमान लानेवालो! प्रतिबन्धों (प्रतिज्ञाओं, समझौतों आदि) का पूर्ण रूप से पालन करो। तुम्हारे लिए चौपायों की जाति के जानवर हलाल हैं सिवाय उनके जो तुम्हें बताए जा रहें हैं; लेकिन जब तुम इहराम की दशा में हो तो शिकार को हलाल न समझना। निस्संदेह अल्लाह जो चाहते है, आदेश देता है (1) 
ऐ ईमान लानेवालो! अल्लाह की निशानियों का अनादर न करो; न आदर के महीनों का, न क़ुरबानी के जानवरों का और न जानवरों का जिनका गरदनों में पट्टे पड़े हो और न उन लोगों का जो अपने रब के अनुग्रह और उसकी प्रसन्नता की चाह में प्रतिष्ठित गृह (काबा) को जाते हो। और जब इहराम की दशा से बाहर हो जाओ तो शिकार करो। और ऐसा न हो कि एक गिरोह की शत्रुता, जिसने तुम्हारे लिए प्रतिष्ठित घर का रास्ता बन्द कर दिया था, तुम्हें इस बात पर उभार दे कि तुम ज़्यादती करने लगो। हक़ अदा करने और ईश-भय के काम में तुम एक-दूसरे का सहयोग करो और हक़ मारने और ज़्यादती के काम में एक-दूसरे का सहयोग न करो। अल्लाह का डर रखो; निश्चय ही अल्लाह बड़ा कठोर दंड देनेवाला है (2)
तुम्हारे लिए हराम हुआ मुर्दार रक्त, सूअर का मांस और वह जानवर जिसपर अल्लाह के अतिरिक्त किसी और का नाम लिया गया हो और वह जो घुटकर या चोट खाकर या ऊँचाई से गिरकर या सींग लगने से मरा हो या जिसे किसी हिंसक पशु ने फाड़ खाया हो - सिवाय उसके जिसे तुमने ज़बह कर लिया हो - और वह किसी थान पर ज़बह कियी गया हो। और यह भी (तुम्हारे लिए हराम हैं) कि तीरो के द्वारा किस्मत मालूम करो। यह आज्ञा का उल्लंघन है - आज इनकार करनेवाले तुम्हारे धर्म की ओर से निराश हो चुके हैं तो तुम उनसे न डरो, बल्कि मुझसे डरो। आज मैंने तुम्हारे धर्म को पूर्ण कर दिया और तुमपर अपनी नेमत पूरी कर दी और मैंने तुम्हारे धर्म के रूप में इस्लाम को पसन्द किया - तो जो कोई भूख से विवश हो जाए, परन्तु गुनाह की ओर उसका झुकाव न हो, तो निश्चय ही अल्लाह अत्यन्त क्षमाशील, दयावान है (3)
वे तुमसे पूछते है कि "उनके लिए क्या हलाल है?" कह दो, "तुम्हारे लिए सारी अच्छी स्वच्छ चीज़ें हलाल है और जिन शिकारी जानवरों को तुमने सधे हुए शिकारी जानवर के रूप में सधा रखा हो - जिनको जैसे अल्लाह ने तुम्हें सिखाया हैं, सिखाते हो - वे जिस शिकार को तुम्हारे लिए पकड़े रखे, उसको खाओ और उसपर अल्लाह का नाम लो। और अल्लाह का डर रखो। निश्चय ही अल्लाह जल्द हिसाब लेनेवाला है।" (4)
 आज तुम्हारे लिए अच्छी स्वच्छ चीज़ें हलाल कर दी गई और जिन्हें किताब दी गई उनका भोजन भी तुम्हारे लिए हलाल है और तुम्हारा भोजन उनके लिए हलाल है और शरीफ़ और स्वतंत्र ईमानवाली स्त्रियाँ भी जो तुमसे पहले के किताबवालों में से हो, जबकि तुम उनका हक़ (मेहर) देकर उन्हें निकाह में लाओ। न तो यह काम स्वछन्द कामतृप्ति के लिए हो और न चोरी-छिपे याराना करने को। और जिस किसी ने ईमान से इनकार किया, उसका सारा किया-धरा अकारथ गया और वह आख़िरत में भी घाटे में रहेगा (5)
-सूरह ए माइदा आयत नं. 1 से 5 तक

ये सूरह ए माएदा की शुरू की पांच आयतें हैं. इनमें से हरेक आयत अपने आगे पीछे की आयत से जुडी हुई है . जो कुरान के हुक्म को जानना चाहते हैं वे हरेक आयत को उसके आगे पीछे की आयत से जोड़ कर उसका अर्थ समझते हैं और हिदायत पाते हैं , अल्लाह ऐसे ही लोगों को सीधे रास्ते की तरफ़रहनुमाई करता है. 

हजरत अली रज़ि. की इमामत के लिए दूसरी दलील
दूसरी दलील जिस आयत से दी जाती है, वह यह है:
'ऐ रसूल ! तुम्हारे रब की ओर से तुम पर जो कुछ उतारा गया है, उसे पहुँचा दो। यदि ऐसा न किया तो तुमने उसका सन्देश नहीं पहुँचाया। अल्लाह तुम्हें लोगों (की बुराइयों) से बचाएगा। निश्चय ही अल्लाह इनकार करनेवाले लोगों को मार्ग नहीं दिखाता.'  सूरए माइदा आयत न. (67)

इस आयत में कहीं हज़रत अली की इमामत का ज़िक्र नहीं है बल्कि इसमें पैग़म्बर सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम से अल्लाह यह कह रहा है कि 'जो कुछ आप पर नाज़िल किया गया है उसे पहुंचा दीजिए' और फिर अगली आयत में अल्लाह बता भी रहा है कि क्या पहुंचाना है ?
इस आयत को आगे की आयत के साथ मिलाकर पढ़ लीजिए तो साफ हो जाएगा कि पहले अल्लाह ने पैग़म्बर हज़रत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम से कहा कि जो कुछ आप पर नाजिल किया गया उसे पहुंचा दीजिए ताकि रिसालत का हक  अदा हो और फिर 'क़ुल' कह कर हुक्म भी दिया कि आप 'अहले किताब' (यानि यहूदियों और ईसाईयों)  से यह कह दीजिए।
 'ऐ रसूल! तुम्हारे रब की ओर से तुम पर जो कुछ उतारा गया है, उसे पहुँचा दो। यदि ऐसा न किया तो तुमने उसका सन्देश नहीं पहुँचाया। अल्लाह तुम्हें लोगों (की बुराइयों) से बचाएगा। निश्चय ही अल्लाह इनकार करनेवाले लोगों को मार्ग नहीं दिखाता . (67) 
कह दो, "ऐ किताबवालो ! तुम किसी भी चीज़ पर नहीं हो, जब तक कि तौरात और इंजील  को और जो कुछ तुम्हारे रब की ओर से तुम्हारी ओर अवतरित हुआ है, उसे क़ायम न रखो।" किन्तु (ऐ नबी!) तुम्हारे रब की ओर से तुम्हारी ओर जो कुछ अवतरित हुआ है, वह अवश्य ही उनमें से बहुतों की सरकशी और इनकार में अभिवृद्धि करनेवाला है। अतः तुम इनकार करनेवाले लोगों की दशा पर दुखी न होना .' (68)
सूरए माइदा आयत न. (67) व (68)
यह बात भी काबिले ग़ौर है कि इन आयतों में अहले किताब का ज़िक्र  किया जा रहा है और हज्जतुल विदा से लौटते वक्त पैग़म्बर सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के साथ यहूदियों और ईसाईयों में से कोई भी नहीं था। जब उनमें से कोई साथ ही नहीं था तो उन्हें संबोधित करने वाली आयत ग़दीर ए ख़ुम में नाज़िल होने का औचित्य भी कुछ नहीं है।
इस तरह न सिर्फ यह पता चलता है कि हज़रत अली रज़ियाल्लाहु अन्हु की इमामत व मासूमियत के लिए इन आयतों कोई दलील नहीं है बल्कि यह भी पता चलता है इनके नुज़ूल का मक़ाम भी ग़दीर ए ख़ुम नहीं हो सकता।
आम तौर पर हम इस तरह की बातों से बचते हैं लेकिन जब हमें कहा गया कि गुमराही से बचने के लिए यह मानना ज़रूरी है कि हुज़ूर सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के बाद इत्तेबा का हक  सिर्फ हज़रत अली रजि . ही रखते हैं और ये इस सिलसिले में कुछ दलीलें भी दी गईं और फिर हिंदी ब्लॉग जगत में कुछ पोस्ट्‌स भी इस सिलसिले में देखने में आईं तो फिर हमने जरूरी समझा कि इन दलीलों पर गौर जरूर करना चाहिए।
इन आयतों पर गौर करने के बाद पता चला कि आयतों के साथ खिलवाड़  किया जा रहा है और जो बात उनमें नहीं कही जा रही है, वह बात उनसे साबित करने की नाकाम कोशिश की जा रही है। इसके लिए आयत और उसके शब्दों को, दोनों को उनके मक़ाम से हटाया जा रहा है।
यह भी अजीब इत्तेफ़ाक़ है कि सूरह माइदा की जिस आयत नं. 3 व 67  के साथ अर्थ बदलने की यह कोशिश की जा रही है, जब हमने उन्हें पढ़ा तो उनके दरम्यान अल्लाह ने दो जगह बताया कि अल्लाह की किताब का अर्थ बदलने वाले कलाम को उसकी जगह से बदल डालते हैं।
'वे कलाम को उसकी जगह से बदल डालते हैं।' सूरह ए माइदा आयत नं. 13
'वे शब्दों को उनका स्थान निश्चित होने के बाद भी उनके स्थान से हटा देते हैं।' सूरह माइदा आयत नं. 41
अल्लाह ऐसे लोगों के बारे में कहता है कि
'ये वही लोग हैं जिनके दिलों को अल्लाह ने पाक करना नहीं चाहा। उनके लिए संसार में भी अपमान और तिरस्कार है और आखिरत में भी बड़ी  यातना है।'
जो आदमी कुरआन में शक करता है, वह बातिल है और जो आदमी असबाबे शक पैदा करता है, वह भी बातिल है।
क़ुरआन हक़ है और मुकम्मल तौर पर महफ़ूज़ है।
कुरआन के माअना अयां हैं और जो उनमें गौर व फिक्र करते हैं, अल्लाह उन्हें सीधे रास्ते की रहनुमाई करता है।
जो हक  और हक़ीक़त की तड़प रखते हैं, वे क़ुरआन को समझकर हिदायत पाते हैं।
अल्लाह हमारे दिलों में भी सच्चाई को पाने की सच्ची तड़प पैदा कर दे और हमारे दिलों को हरेक तरह के तास्सुब से पाक कर दे।
आमीन !

Thursday, August 25, 2011

इस्लामी साहित्य Islamic Books free Download


Tuesday, August 23, 2011

इंसानी चरित्र पर रमज़ान का प्रभाव

रमज़ान का महीना चार गुणों से युक्त होता है।
1. सिफ़त ए रमज़ान
2. सिफ़त ए मवासात यानि हमदर्दी व ग़मगुसारी का गुण
3. सिफ़त ए सब्र
4. सिफ़त ए वुसअत ए रिज़्क, रोजी में ख़ैरो बरकत
ये तमाम गुनाहों को जला देता है और नेकियों से भर देता है। जिस तरह सोना जलने से कुन्दन बन कर निखर जाता है और मैल कुचैल से साफ़ शफ़्फ़ाफ़ हो जाता है, उसी तरह रमज़ानुल मुबारक मुसलमानों के तमाम गुनाहों को धो डालता है। मवासात यानि हमदर्दी व ग़मगुसारी का सबक़ भी देता है। भाईचारे और बराबरी की भावना, एक दूसरे के दुख दर्द में शरीक होना और एक दूसरे की तकलीफ़ों में साथ देना भी सिखाता है।
भूखा रहकर दूसरों की भूख प्यास की तड़प का अहसास कराता है। फिर वह तंगदस्त और मुफ़लिसी पर ग़ौरो फ़िक्र करने पर मजबूर होता है और अपना मदद का हाथ ग़रीबों, मिस्कीनों, फ़क़ीरों और विधवाओं की तरफ़ बढ़ाता है। यह रमज़ान की ही बरकत है कि ईद के दिन अमीर व ग़रीब उम्दा और शानदार लिबास पहनकर एक ही सफ़ में खड़े हुए नज़र आते हैं। ग़मख्वारी न करने की वजह से इंसान को संगदिल कहा जाता है और उनका समाज में न इज़्ज़त का मक़ाम होता है , न वक़ार और न ही दबदबा। दर्दमंदी , शफ़क्क़त और बोझ हल्का करने से दुनिया की बड़ाईयों के अलावा आखि़रत (परलोक) की नेमतों से भी मालामाल होता है।
क़ुरआन और हदीस में नफ़्सानी ख्वाहिश की पूर्ति को इंसान की तमाम ख़ताओं और मुसीबतों की जड़ क़रार दिया गया है। रसूले अकरम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम फ़रमाते हैं -‘नफ़्सानी ख्वाहिशात को ‘हवा‘ इसलिए कहा गया है क्योंकि वह अपनी पैरवी करने वाले को नीचता की ओर ले जाती है।‘
लिहाज़ा पस्ती से बचने के लिए नफ़्सानी ख्वाहिशात की मुख़ालिफ़त इंतिहाई ज़रूरी है। हालांकि नफ़्स की ख्वाहिशात यानि मन की इच्छाओं की मुख़ालिफ़त करना एक इंतिहाई मुश्किल और मेहनत तलब काम है लेकिन मुमकिन है। इस रास्ते में इंसान को ख़ुदा से मदद मांगनी चाहिए। नफ़्स के खि़लाफ़ जिहाद का बेहतरीन मौक़ा माहे रमज़ान है क्योंकि इस महीने में शैतान क़ैद कर दिए जाते हैं।
पैग़ंबर सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम फ़रमाते हैं -‘शैतान इस महीने में क़ैद कर दिए जाते हैं। अपने नफ़्स पर क़ाबू हासिल करने में रमज़ान से बेहतर कोई और महीना नहीं है।
रमज़ान दरअस्ल नफ़्स पर क़ाबू हासिल करने का ज़रिया है लेकिन हमारे यहां इसे सहरी और इफ़्तार के वक्त नफ़्स को ख़ूब लज़्ज़त मुहैया कराने का महीना बना लिया गया है। हम सिर्फ़ यही समझते हैं कि सहरी से लेकर इफ़्तार तक न खाकर हमने रमज़ान के महीने पर बहुत बड़ा अहसान कर दिया है और फिर भूख से पैदा होने वाली वो सारी कमी इफ़्तार और सहरी के वक्त पूरी कर लेते हैं। फ़िज़ूल ख़र्ची की हद तो यह है कि इस महीने वो खाने भी बनाए जाते हैं जिन्हें बाज़ दफ़ा पूरे साल में एक दफ़ा भी नहीं बनाया जाता। इस तरह घरों पर बिला वजह फ़िज़ूलख़र्ची का बोझ बढ़ता है। जो पैसे ग़रीबों, मिस्कीनों, विधवाओं और ज़रूरतमंदों की मुहताजगी दूर करने में ख़र्च होने चाहिए थे वो सिर्फ़ दिखावा की नज़्र हो जाते हैं। सादा सहरी और इफ़्तार को तो अपनी इज़्ज़त और वक़ार के बिल्कुल खि़लाफ़ समझना आम बात है। सहरी ताक़तवर ग़िज़ा से इस तरह की जाती है कि शाम तक भूख न लगे।
इस तरह रोज़े का मक़सद है कि दूसरों के दुख दर्द और तकलीफ़ को महसूस करना, यह मक़सद ख़त्म हो जाता है।
क्या हम कभी ग़रीबों की इफ़्तार के वक्त इस तरह की फ़िज़ूलख़र्ची से काम लेते हैं ?
या कभी किसी ग़रीब की इफ़्तार के वक्त क़िस्म क़िस्म के पकवान तैयार करवाते हैं ?
या दस्तरख्वान को उनके लिए फलों से इस तरह सजाते हैं ?
क्या हमने कभी इस पर ग़ौर किया है कि यह ग़रीब भी अल्लाह का इतना ही प्यारा बंदा है जितने कि हम ?
क्या कभी किसी ग़रीब को सिर्फ़ यह सोच कर इफ़्तार कराया कि यह अल्लाह का बंदा भी इतनी ही इज़्ज़त का हक़दार है जितने कि हमारे दोस्त और रिश्तेदार ?
इसलिए हम पर पूरे रमज़ानुल मुबारक के रोज़े रखने के बावजूद उसकी कोई ख़ासियत पैदा नहीं होती और रमज़ान ख़त्म होते ही हम वो तमाम ख़ुराफ़ात करने लगते हैं, जिन्हें मना किया गया है।
आज हमारी हालत दीगर क़ौमों से बदतर है और हम हरेक विभाग में उनके मुक़ाबले पाताल में पड़े हैं। आदत व अख़लाक़ व किरदार के मामले में हम कहीं नहीं टिकते।
क्या रमज़ान की चार सिफ़तों में से एक भी सिफ़त है ?
हमें दिल की गहराईयों से इसका जायज़ा लेना चाहिए। सिर्फ़ रमज़ान के रोज़े रखने और तमाम ज़िंदगी ठीक उसके खि़लाफ़ काम करने से हमें कुछ हासिल नहीं होगा।
दरअसल रमज़ान हमारी ज़िंदगी की हर साल सर्विस करता है ताकि अगले साल तक हम इन सिफ़तों (गुणों) की पाबंदी दम ख़म से कर सकें और अपनी ज़िंदगी के किसी लम्हे में भी इस्लाम के सुनहरे उसूलों को न छोड़ें।
आईये संकल्प लें कि हम रमज़ान के हक़ीक़ी मायनों को अमली जामा पहनाएंगे, हर उस चीज़ से गुरेज़ करेंगे जो हमें इस्लाम मना करता है और ज़िंदगी के हर मामले में इस्लामी उसूल और क़ायदे को तरजीह देंगे ताकि हम अपने अहले वतन के लिए एक नमूना ए अमल बनें। ठीक इसी तरह जिस तरह हमारे बुज़ुर्ग हुआ करते थे ताकि आज भी कोई ग़ैर मुस्लिम कह सके कि ‘यह मुसलमान का बच्चा है, झूठ नहीं बोलेगा, इंसाफ़ से काम लेगा।‘
लेखक - आबिद अनवर, राष्ट्रीय सहारा के परिशिष्ट उमंग से उर्दू से हिन्दी अनुवाद, दिनांक 21 अगस्त 2011

Thursday, March 31, 2011

तौहीद और शिर्क लेखक - मौलाना क़ारी तय्यब साहब Maulana Qari Tayyab Sahab

फ़-आउज़ुबिल्लाहि-मिनश्-शैतानिर्रजीम .
अर्थात मैं परमेश्वर की शरण में आता हूं शैतान फिटकारे हुए से .
बिस्मिल्लाहिर्-रहमानिर-रहीम .
अर्थात शुरू परमेश्वर के नाम से जो अत्यन्त दयावान सदा करूणाशील है.
1. क़ुल या अय्युहल काफ़िरून .
2. ला अआबुदु मा ताअ़बुदून .
3. वला अन्तुम  आबिदूना मा अआबुद .
4. वला अना आबिदुम्मा अ़बद्त्तुम .
5. वला अन्तुम आबिदूना मा अआबुद .
6. लकुम दीनुकुम वलिय दीन .
(सदक़ल्लाहुल अज़ीम, कुरआन, 109)

1. अर्थात आप (इन इन्कारियों से) से कह दीजिए कि ऐ इन्कारियो !
2. (मेरा और तुम्हारा तरीक़ा एक नहीं हो सकता और) न (तो फ़िलहाल) मैं तुम्हारे उपास्यों की पूजा करता हूं .
3. और न तुम मेरे उपास्य की पूजा-उपासना करते हो .
4. और न (भविष्य में) मैं तुम्हारे उपास्यों की पूजा करूंगा .
5. और न तुम मेरे उपास्य की पूजा करना चाहते हो .
6. तुम्हें तुम्हारा बदला मिलेगा और मुझे मेरा बदला मिलेगा .
(सत्य वचन है परमेश्वर का , अनुवाद कुरआन, 109)

धर्म का आधार
परमेश्वर के धर्म का आधार तौहीद अर्थात ‘एक ईश्वर के प्रति निष्ठा‘ पर है। इसी पर धर्म की बुनियाद है। ‘एक ईश्वर के प्रति निष्ठा‘ खंडित हो जाए तो धर्म बाक़ी नहीं रह सकता। इसलिए जब से धर्म है तब से ‘एक ईश्वर के प्रति निष्ठा‘ भी है। हज़रत आदम अलैहिस्सलाम (अर्थात उन पर शांति हो) इसी तौहीद को लेकर आए दीन के साथ और सभी पैग़म्बर अलैहिमुस्सलाम (अर्थात उन सब पर शांति हो) ने इसी तौहीद का संकल्प लिया अपनी क़ौमों से। जिसे परमेश्वर ने बताया -
शरअ़ लकुम मा वस्सा बिहि नूहावं-वल्लज़ी औहैना इलैका वमा वस्सैना बिहि इबराहीमा व मूसा व ईसा अन अक़ीमुद्दीना वला ततफ़र्रक़ू फ़ीहि .
अर्थात परमेश्वर ने तुम लोगों के लिए वही धर्म निर्धारित किया है जिसका उसने नूह को हुक्म दिया था और जिसकी हमने आप पर प्रकाशना की है और जिसका हमने इबराहीम और मूसा और ईसा को भी हुक्म दिया था कि धर्म को क़ायम रखो और उसमें फूट न डालना .
                                                                                                         (सूरा ए शूरा, 13)
इस आयत में कहा गया है कि परमेश्वर धर्म को पैदा किया, उसे भेजा और उसे हज़रत नूह अलैहिस्सलाम (अर्थात जल प्लावन वाले ऋषि मनु) के लिए निर्धारित किया और उसके बाद हज़रत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के लिए कहा ‘वल्लज़ी औहैना इलैका‘ और आपकी तरफ़ जो प्रकाशना हमने की वह भी धर्म और ‘एक ईश्वर के प्रति निष्ठा‘ का ही आदेश था और हज़रत इबराहीम अ., मूसा अ. और ईसा अ. भी इसी धर्म को लेकर आए और उन्होंने फ़रमाया -‘इस धर्म में फूट मत डालो‘। और फूट से बचने का रास्ता केवल ‘एक ईश्वर के प्रति निष्ठा‘ है। बहरहाल दीन एक है जो आदम अ. से चला और हज़रत मुहम्मद स. तक आया। आपने उसे पूरा किया और दुनिया को उसकी संपूर्णता के साथ दिया। इस पूरे धर्म का आधार ‘एक ईश्वर के प्रति निष्ठा‘ पर है। इसीलिए परमेश्वर ने हरेक पैग़म्बर से संकल्प लिया कि वह खुद भी तौहीद पर क़ायम रहें और अपनी अपनी क़ौमों को भी ‘एक ईश्वर के प्रति निष्ठा‘ पर क़ायम रखें। परमेश्वर ने कहा -‘वमा अर्सल्ना मिन क़ब्लिका मिर्रसूलिन इल्ला नूही इलैहि अन्नहु ला इलाहा इल्ला अना फ़-अआबुदून‘
कोई रसूल हमने आपसे पहले ऐसा नहीं भेजा कि जिसे हमने यह न बतला दिया हो कि ‘ला इलाहा इल्ला अना‘ मेरे सिवा कोई उपास्य नहीं, मेरी ही उपासना करो, मेरे ही सामने झुको।‘ पहली आयत में बताया कि धर्म एक है। आदम अ. और नूह अ. से लेकर हज़रत मुहम्मद स. तक और दूसरी आयत में बताया है कि इस धर्म का आधार ‘एक ईश्वर के प्रति निष्ठा‘ पर है, जिसका हरेक रसूल से वचन और संकल्प लिया गया है। इसलिए ‘एक ईश्वर के प्रति निष्ठा‘ ईश्वरीय धर्म की जड़ और बुनियाद है।
 
दो दर्जे
‘एक ईश्वर के प्रति निष्ठा‘ के दो दर्जे हैं। एक शिर्क का खण्डन और एक ‘एक ईश्वर के प्रति निष्ठा‘ का समर्थन। शिर्क का खण्डन करना और तौहीद को साबित करना। सारे पैग़म्बरों अ. ने शिर्क का खण्डन भी किया और तौहीद को साबित भी किया।
इस्लाम चूंकि ‘पूर्ण धर्म‘ है, इसलिए उसने शिर्क के जितने भी दर्जे थे और अक्ल में आ सकते थे उन सभी का खण्डन किया और पैग़म्बरों अ. ने सिर्फ़ शिर्क का खण्डन किया लेकिन हज़रत मुहम्मद स. ने शिर्क के कारणों का भी खण्डन किया कि जो चीज़ें शिर्क का कारण बन सकती हैं उनका भी उन्होंने खण्डन किया। तो गोया शिर्क के खण्डन में भी पूर्णता है और तौहीद के समर्थन में भी पूर्णता है इस युग में।
 
शिर्क की क़िस्में
एक शिर्क तो बिल्कुल खुला है यानि ईश्वर के वुजूद में किसी को शरीक कर देना, दो ईश्वर मान लेना जैसे कि पारसियों ने दो खुदा मान लिए, बहुदेववादियों ने लाखों करोड़ों मान लिए, यह ‘खुला शिर्क‘ है कि वुजूद में ही शरीक ठहरा दिया।
दूसरा शिर्क है सिफ़ात में (ईश्वर के गुणों में) कि वुजूद तो एक ही मान लिया लेकिन ईश्वर के गुणों को और चीज़ों में भी मान लिया जैसे कि अमुक आदमी बेटा दे सकता है, अमुक आदमी है रोज़ी देना उसके सुपुर्द है, अमुक आदमी है कि सेहत देना उसके सुपुर्द है। यह ‘गुणों में शिर्क‘ है। इसलिए कि औलाद देना, रोज़ी देना, सेहत देना, जीवन देना, मौत देना सब एक परमेश्वर के हाथ में है किसी और के हाथ में नहीं। तो जैसे वुजूद में शिर्क करना मना था ऐसे ही उसके गुणों में शिर्क भी मना है। इसी तरह से एक शिर्क है कर्म का, कि ईश्वर का वुजूद भी एक माना और गुण भी एक के लिए माने लेकिन उसके कामों में दूसरे को शरीक कर दिया। हालांकि परमेश्वर के कार्य भी यकता हैं कि कोई दूसरा उन्हें अंजाम नहीं दे सकता।
    ज़मीन व आसमान उसने पैदा किए बिना किसी की शिरकत के। इन्सान को उसने बनाया, जानवरों को उसने बनाया, वनस्पतियों को उसने बनाया बिना किसी की शिरकत के। यह नहीं कि उसने बनाने और रचने में कोई मदद ली हो दूसरे से। अकेले एक परमेश्वर ने सारे ब्रह्माण्ड को बनाया। यह सारी कायनात योग है ईश्वर के कामों का। उसी ने अपनी क्रियाशक्ति से इसे उत्पन्न किया।
‘ख़लक़स्समावाति वल अर्ज़ा व-ज-अ़लज़्ज़ुलुमाति वन्नूर‘ अर्थात ज़मीन व आसमान उसने बनाए प्रकाश और अंधेरे उसने पैदा किए।
‘ख़लक़ा लकुम मा फ़िल अर्ज़ि जमीअ़ा‘ अर्थात जो कुछ ज़मीन में है वह अल्लाह ही ने पैदा किया।
सृष्टि उसी ने उत्पन्न की, तो ज़मीन में चाहे जड़ हों, वनस्पति हों, जानवर हों सब ईश्वर ही के पैदा किए हुए हैं। इसमें किसी की शिरकत नहीं है। तो वुजूद में शिर्क भी मना है और उसके गुणों में शिर्क करना भी मना है और उसके कामों में शिर्क करना भी मना है।
 
तौहीद और परमेश्वर के नाम
जिस तरह शिर्क के अलग अलग दर्जे थे और उन सबका खण्डन इस्लाम ने किया, इसी तरह से तौहीद के विभिन्न दर्जे थे, इस्लाम ने उनका समर्थन किया।
वुजूद के विषय में तौहीद
यानि परमेश्वर का वुजूद एक और अनुपम है, उसका कोई शरीक नहीं है।
 
ईश्वरीय गुणों के विषय में तौहीद
कि गुण भी तन्हा उसी के हैं, जितने उत्कृष्ट गुण हैं, वे सब उसी के वुजूद के साथ ख़ास हैं । वे अनन्त हैं लेकिन इस्लामी शरीअत ने सैद्धांतिक रूप में निन्यानवे गुणों में फ़रमाया है। निन्यानवे नाम परमेश्वर के गुणवाचक नाम हैं और एक नाम निजी है, ‘अल्लाह‘ यह नाम उसके वुजूद का जलाल है और गुणवाचक नाम हैं निन्यानवे ‘हुवर्-रहमानिर्-रहीम अलमलिकुल क़ुद्दूसुस्सलामुल मोमिनुल मुहैयमिनुल अज़ीज़ुल जब्बारूल मुतकब्बिर...‘ ये सिफ़ाती नाम हैं। तो गुण अनन्त हैं, असीम हैं लेकिन उनका सार निन्यानवे में किया गया है।
    इमाम नववी रह. न अल्लाह के एक हज़ार गुणवाचक नाम ज़िक्र किए हैं लेकिन सही हदीसों में निन्यानवे आए हैं। मालूम होता है कि उन्होंने (इमाम नववी रह. ने) क्रियावाचक नामों को शामिल कर लिया है तो वे हज़ार बन गए। सृष्टा का रंग है वह गुणों में लेकिन ‘युकव्विरूल्लैला अलन्नहारि वयुकव्विरून्नहारा अलल्लैल‘ वह रात को लपेट देता है दिन पर और दिन को लपेट देता है रात पर, इससे ‘मुकव्विर‘ नाम निकला जो इस्तंबात से निकलता है साफ़ रिवायात से नहीं।
‘युक़ल्लिबुल्लाहल्लैला वन्नहार‘ परमेश्वर ही है जो तक़लीब करता है, अदल-बदल फ़रमा देता है कि दिन में से रात निकाल दी , रात में से दिन निकाल दिया। तो ‘युक़ल्लिबुल्लाहल्लैला वन्नहार‘ इससे इमाम नववी रह. ने एक नाम लिया ‘अलमुक़ल्लिब‘ तो यह इस्तंबात से निकाला हुआ नाम है। नस्से सरीह में नहीं है। इसी वास्ते आम तौर पर यह नाम नहीं लिया जाता बस काम का ज़िक्र किया जाता है।
‘युक़ल्लिबुल्लाहल्लैला वन्नहार‘ या जैसे हदीस में हज़रत मुहम्मद स. ने दुआ फ़रमाई कि ‘या मुक़ल्लिबुल क़ुलूब सब्बित क़ल्बि अ़ला दीनिक‘ अर्थात ऐ दिलों के पलटन देने वाले ! मेरे दिल को अपने दीन पर क़ायम रख। तो दिलों को पलटना और रात-दिन को पलटना, यह सब परमेश्वर ही के हाथ में है। तो इससे ‘मुक़ल्लिब‘ लफ़्ज़ निकलता है। या ‘अल्हम्दुलिल्लाहि फ़ातिरिस्समावाति वल अर्ज़‘ इसमें ‘फ़ातिर‘ का लफ़्ज़ आया है जिसका अर्थ है ‘सृष्टा‘, तो इमाम नववी रह. फ़ातिर को भी नामों में शामिल कर लिया।
‘जाइ़लुल मलाइकता रूसुलवं वली अज्निहतिन मस्ना व सुलासा व रूबाआ‘ अर्थात वही है जिसने पैदा किए हैं फ़रिश्ते कि जिनके बाज़ू दो-दो, तीन-तीन, और चार-चार हैं। और हज़रत जिब्रील अ. के छः सौ बाज़ू हैं। तो बाज़ुओं वाले फ़रिश्ते पैदा किए तो यहां ‘जाइ़ल‘ का लफ़्ज़ भी इमाम नववी रह. शुमार किया। इस तरह से एक हज़ार नाम हो जाते हैं लेकिन हदीसों में जो हैं वे निन्यानवे हैं।           (...जारी)